मंगलवार, 30 अगस्त 2022

आरोह, भाग-2 काव्य-खंड (महत्त्वपूर्ण प्रश्न)

सीबीएसई (CBSE) पाठ्यचर्या के हिंदी आधार (Hindi Core) विषय कोड (Subject code) - 302 के पाठ्यक्रम के अंतर्गत आरोह, भाग-2 के 'काव्य-खंड' से कुछ महत्त्वपूर्ण प्रश्नों (Important questions) की सूची यहां दी जा रही है। आप इन प्रश्नों के उत्तर लेखन का अभ्यास अवश्य करें। चूंकि ये सभी प्रश्न 3-3 अंकों के होंगे, अतः इन सभी प्रश्नों के उत्तर आप लगभग 50 से 60 शब्दों में लिखने का प्रयास करें।


1- 'शीतल वाणी में आग' - के होने का क्या अभिप्राय है?


2- जहां पर दाना रहते हैं, वहीं नादान भी होते हैं - कवि ने ऐसा क्यों कहा होगा?


3- 'मैं और, और जग और, कहां का नाता' - पंक्ति में 'और' शब्द की विशेषता बताइए।


4- 'दिन जल्दी-जल्दी ढलता है' की आवृत्ति से कविता की किस विशेषता का पता चलता है?


5- बच्चे किस बात की आशा में नीड़ों से झांक रहे होंगे?


6- मंज़िल तक पहुंचने के लिए चिड़िया विकल है, लेकिन कवि नहीं। ऐसा क्यों?


7- 'जन्म से ही वे अपने साथ लाते हैं कपास' - कपास के बारे में सोचें कि कपास से बच्चों का क्या संबंध बन सकता है?


8- 'पतंगों के साथ-साथ वे भी उड़ रहे हैं' - बच्चों का उड़ान से कैसा संबंध बनता है?


9- दिशाओं को मृदंग की तरह बजाने का क्या तात्पर्य है?


10- 'कविता के बहाने' पाठ के आधार पर बताएं कि सब घर एक कर देने के माने क्या है?


11- उड़ने और खिलने का कविता से क्या संबंध बनता है?


12- कविता और बच्चे को सामानांतर रखने के क्या कारण हो सकते हैं?


13- कविता के संदर्भ में 'बिना मुरझाए महकने के माने' क्या होते हैं?


14-'भाषा को सहूलियत से बरतने' से क्या अभिप्राय है?


15- बात और भाषा परस्पर जुड़े होते हैं, किंतु कभी-कभी भाषा के चक्कर में 'सीधी बात भी टेढ़ी हो जाती है' कैसे?


16- 'कैमरे में बंद अपाहिज' करुणा के मुखोटे में छिपी क्रूरता की कविता है- स्पष्ट कीजिए।


17- 'हम समर्थ शक्तिवान' और 'हम एक दुर्बल को लाएंगे' पंक्ति के माध्यम से कवि ने क्या व्यंग्य किया है?


18- 'परदे पर वक्त की कीमत है' कहकर कवि ने पूरे साक्षात्कार के प्रति अपना नज़रिया किस रूप में रखा है?


19- कविता के किन उपमानों को देखकर यह कहा जा सकता है कि 'उषा' कविता गांव की सुबह का गतिशील शब्दचित्र है?


20- भोर का नभ 


राख से लीपा हुआ चौका 


(अभी गीला पड़ा है)


उपर्युक्त पंक्तियों में कोष्ठक से कविता में क्या विशेष अर्थ पैदा हुआ है?


21- 'अशनि- पात से शापित उन्नत शत-शत वीर' - पंक्ति में किसकी ओर संकेत किया गया है?


22- 'अस्थिर सुख पर दुख की छाया' पंक्ति में दुख की छाया किसे कहा गया है और क्यों?


23- बादलों के आगमन से प्रकृति में होने वाले किन-किन परिवर्तनों को कविता रेखांकित करती है?


24- 'विप्लव-रव से छोटे ही हैं शोभा पाते' पंक्ति में विप्लव-रव से क्या तात्पर्य है? छोटे ही हैं शोभा पाते, ऐसा क्यों कहा गया है?


25- कवितावली में उद्धृत छंदों के आधार पर स्पष्ट करें कि तुलसीदास को अपने युग की आर्थिक विषमता की अच्छी समझ है।


26- शोकग्रस्त माहौल में हनुमान के अवतरण को करुण रस के बीच वीर रस का आविर्भाव क्यों कहा गया है?


27- भ्रातृशोक में हुई राम की दशा को तुलसी ने प्रभु की नर लीला की अपेक्षा सच्ची मानवीय अनुभूति के रूप में रचा है। क्या आप इससे सहमत हैं?


28- 'बोले वचन मनुज अनुसारी' का क्या अर्थ है?


29- छोटे चौकोने खेत को कागज का पन्ना कहने से क्या अर्थ निहित है?


30- रचना के संदर्भ में अंधड़ और बीज क्या है?


31- रस का अक्षयपात्र से कवि ने रचना-कर्म की किन विशेषताओं की ओर इंगित किया है?


गद्य खंड के महत्त्वपूर्ण प्रश्न यहां देखें।

उपरोक्त प्रश्नों की सूची आरोह, भाग- 2 के काव्य-खंड से संबंधित महत्त्वपूर्ण प्रश्नों का एक संग्रह है। प्रश्नों की सूची विशेषकर उन विद्यार्थियों के लिए महत्त्वपूर्ण एवं उपयुक्त है जो किन्हीं कारणों से निम्न क्षमता ( Slow bloomers) प्रदर्शित करते रहते हैं अथवा अध्ययन के लिए पर्याप्त समय नहीं देते हैं।


उच्चतम क्षमताओं को प्राप्त विद्यार्थी (High Achievers) पाठ्यक्रम को विस्तार से पढ़ें, उसके विविध प्रसंगों एवं संदर्भों को समझें तथा पाठ से जुड़े तथा उसके आसपास सभी संभावित प्रश्नों के रचनात्मक उत्तर लिखने का अभ्यास करें। इस कार्य हेतु आप अपने शिक्षक की सहायता अवश्य लें।





गुरुवार, 18 अगस्त 2022

पहलवान की ढोलक-1 (MCQ)

 जाड़े का दिन। अमावस्या की रात- ठंडी और काली। मलेरिया और हैज़े से पीड़ित गांव भयार्त्त शिशु की तरह थरथर कांप रहा था। पुरानी और उजड़ी बांस-फूस की झोपड़ियों में अंधकार और सन्नाटे का सम्मिलित साम्राज्य! अंधेरा और निस्तब्धता!


अंधेरी रात चुपचाप आंसू बहा रही थी। निस्तब्धता करुण सिसकियों और आहों को बलपूर्वक अपने हृदय में ही दबाने की चेष्टा कर रही थी। आकाश में तारे चमक रहे थे। पृथ्वी पर कहीं प्रकाश का नाम नहीं। आकाश से टूटकर यदि कोई भावुक तारा पृथ्वी पर जाना भी चाहता तो उसकी ज्योति और शक्ति रास्ते में ही शेष हो जाती थी। अन्य तारे उसकी भावुकता अथवा असफलता पर खिलखिलाकर हंस पड़ते थे।


सियारों का क्रंदन और पेचक की डरावनी आवाज़ कभी-कभी निस्तब्धता को अवश्य भंग कर देती थी। गांव की झोंपड़ियों से कराहने और कै करने की आवाज़, 'हरे राम! हे भगवान!' की टेर अवश्य सुनाई पड़ती थी। बच्चे भी कभी-कभी निर्बल कंठों से 'मां- मां' पुकारकर रो पड़ते थे। पर इससे रात्रि की निस्तब्धता में विशेष बाधा नहीं पड़ती थी।


कुत्तों में परिस्थिति को ताड़ने की एक विशेष बुद्धि होती है। वे दिन-भर राख के घूरों पर गठरी की तरह सिकुड़कर, मन मारकर पड़े रहते थे। संध्या या गंभीर रात्रि को सब मिलकर रोते थे।


रात्रि अपनी भीषणताओं के साथ चलती रहती और उसकी सारी भीषणता को, ताल ठोककर, ललकारती रहती थी- सिर्फ़ पहलवान की ढोलक! संध्या से लेकर प्रातः काल तक एक ही गति से बजती रहती- चट्-धा, गिड़-धा,.....चट्-धा, गिड़-धा!'  यानी 'आ जा भिड़ जा, आ जा भिड़ जा!' ….. बीच-बीच में- चटाक्- चट्-धा, चटाक्- चट्- धा!' यानी 'उठाकर पटक दे! उठाकर पटक दे!!' 


यही आवाज़ मृत-गांव में संजीवनी शक्ति भरती रहती थी।


उपरोक्त पठित गद्यांश के आधार पर निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए-


  1. उपरोक्त गद्यांश के रचयिता कौन हैं?


(क) महादेवी वर्मा 

(ख) धर्मवीर भारती 

(ग) जैनेंद्र कुमार 

(घ) फणीश्वर नाथ रेणु



  1. गांव में कौन-सी बीमारी फैली हुई थी


(क) बुखार और चेचक 

(ख) मलेरिया और टीबी

(ग) मलेरिया और हैजा

(घ) संक्रामक बीमारी


  1. गांव में कौन-सी आवाज़ संजीवनी शक्ति भरती रहती थी?


(क) कुत्ते की आवाज़ 

(ख) सियार की आवाज़ 

(ग) ढोलक की आवाज़

(घ) पेचक की आवाज़



  1. कुत्ते दिन-भर राख के घूरों पर गठरी की तरह सिकुड़कर, मन मारकर क्यों पड़े रहते थे?


(क) कुत्ते बीमार थे।

(ख) कुत्ते थके हुए थे।

(ग) कुत्ते सियार से डरते थे।

(घ) गांव में बीमारी फैली थी।



  1. 'अंधेरी रात चुपचाप आंसू बहा रही थी।' - पंक्ति में कौन-सा अलंकार है?


(क) रूपक अलंकार 

(ख) उत्प्रेक्षा अलंकार 

(ग) अतिशयोक्ति अलंकार 

(घ) मानवीकरण अलंकार



उत्तर


1- घ,  2- ग, 3- ग, 4- घ, 5- घ






2025 की बोर्ड परीक्षा के लिए योजना

 2025 में होने वाली कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए सुनियोजित योजना बनाकर तैयारी करें, आपको सफलता अवश्य मिलेगी। हिंदी में अधिकाधिक अंक प...