कक्षा- 9 लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कक्षा- 9 लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 25 फ़रवरी 2021

प्रश्र-पत्र प्रारूप (Blue Print), कक्षा- 9

 कक्षा- नौवीं

विषय- हिंदी

प्रश्र-पत्र प्रारूप (Blue Print)

कुल अंक : 80


खंड- क (40 अंक)

बहुविकल्पी प्रश्र (MCQ)


1- अपठित गद्यांश (5 अंक)

2- अपठित काव्यांश (5 अंक)


3- उपसर्ग एवं प्रत्यय (4 अंक)

4- समास (4 अंक)

5- वाक्य भेद (4 अंक)

6- अलंकार (4 अंक)


7- दिए गए गद्यांश पर आधारित 5 प्रश्र (5 अंक)

8- दो बहुविकल्पी प्रश्र (2 अंक)


9- दिए गए काव्यांश पर आधारित 5 प्रश्र (5 अंक)

10- दो बहुविकल्पी प्रश्र (2 अंक)



खंड- ख (40 अंक)

वर्णनात्मक प्रश्र (Descriptive Question)



11- गद्य से चार प्रश्र (4x2=8 अंक)


12- काव्य से तीन प्रश्र (3x2=6 अंक)


13- कृतिका से दो प्रश्र (2x3= 6 अंक)



14- अनुच्छेद लेखन (5 अंक)

15- पत्र (5 अंक)

16- संवाद (5 अंक)

17- लघुकथा (5 अंक)




सोमवार, 22 फ़रवरी 2021

लघुकथा लेखन

 

कथा शब्द से आप सब भली-भांति परिचित होंगे। कथा का अर्थ है- कहानी। कहानी सुनना हम सबको बचपन से ही अच्छा लगता रहा है। दादी-नानी के द्वारा बचपन में सुनाई गई कहानियां तो बच्चों को याद ही रहती हैं क्योंकि यह बहुत मज़ेदार हुआ करती हैं।


हम जब कहानी सुनते हैं तो उससे बंध जाते हैं और उसके आगे की घटना जानने के लिए तब तक उत्सुक रहते हैं और जिज्ञासा प्रकट करते हैं, जब तक कि हमें पूरी कहानी न सुना दी जाए। 


एक अच्छी कहानी उसे ही कही जाती है जो हमें बांधकर रख सके, जो हमारे भीतर जिज्ञासा प्रकट कर सके, जो हमारे भीतर उत्सुकता जगा सके और अंत तक सुनने के लिए रोचकता बनाए रख सके। इसे ही कहानीपन कहा जाता है।


हम जैसे-जैसे बड़े होते जाते हैं, कहानी सुनने के साथ-साथ पाठ्यक्रमों में तथा कहानी की अन्य पुस्तकों के माध्यम से कई कहानियां स्वयं भी पढ़ते हैं। बहुत-सी कहानियों को पढ़ने के बाद भी बहुत दिनों तक हमें वही कहानी याद रहती है जिसमें रोचकता होती हैं। आप सबने कई कहानियां ऐसी भी पढ़ी होंगी, जिससे हमें नैतिक शिक्षा मिलती है। रोचक तरीके से लिखी गई शिक्षाप्रद कहानियां हमें बहुत कुछ सिखा जाती हैं।

कहानी में रोचकता के साथ-साथ उसका शीर्षक भी बहुत महत्त्वपूर्ण होता है। कई कहानियां तो ऐसी होती हैं जिनके शीर्षक ही हमें अपनी ओर आकर्षित करते हैं और पढ़ने को बाध्य करते हैं।

इसके बाद कहानी में पात्र का स्थान आता है। कहानी लेखन के समय पात्रों का चुनाव बहुत सावधानी से किया जाना चाहिए। कई कहानियां हम ऐसी पढ़ते हैं, जिनके पात्र सदा के लिए अमर हो चुके हैं, उन्हें कोई भूल नहीं सकता।

कहानी का अंत भी बहुत आकर्षक, प्रभावकारी तथा शिक्षाप्रद होना चाहिए। इससे कहानी की छाप मन पर बहुत दिनों तक बनी रहती है।


आप सोच रहे होंगे लघुकथा की बात के प्रसंग में कथा अथवा कहानी की बात होने लगी। इस तरह इसमें लघु का लोप हो गया।


लघुकथा में लघु का अर्थ संक्षिप्त होता है और कथा का अर्थ कहानी।


दरअसल कथा और लघुकथा में बहुत सी समानताएं हैं। दोनों के मूल तत्त्व एक ही हैं। अंतर केवल इनके आकार को लेकर है। लघुकथा संक्षिप्त कथा होती है। यह सामान्य कहानी से आकार में छोटी होती है। इसमें समय, घटना, पात्र और संवाद आदि के विस्तार का कोई अवसर नहीं होता है।


  • लघुकथा कम से कम शब्दों में लिखी जाती है। इसमें किसी एक घटना को आधार बनाकर ही कहानी लिखी जाती है।

  • इसमें पात्रों की संख्या कम से कम रखी जाती है।

  • पात्रों के बीच संवाद बहुत आवश्यकता होने पर ही लिखी जाती है तथा इसे संक्षिप्त रखा जाता है।

  • लघुकथा में कम शब्दों में रोचकता बनाए रखते हुए कहानी लिखी जाती है।

  • लघुकथा लेखन में भाषा का बहुत महत्त्व होता है। भाषा घटना एवं पात्रों के अनुरूप सुगठित रूप में प्रयोग की जाती है। इसमें अतिरिक्त विस्तार की कोई गुंजाइश नहीं होती है।

  • लघुकथा का अंत भी रोचक तथा शिक्षाप्रद होना चाहिए।

  • लघुकथा का शीर्षक अति संक्षिप्त तथा आकर्षक होना चाहिए।


कक्षा नौवीं के पाठ्यक्रम में लघुकथा लेखन को शामिल किया गया है। प्रश्न पत्र में आपको लघुकथा लेखन के लिए प्रश्न दिए जाएंगे जो 5 अंक के होंगे।


लघुकथा लेखन के प्रश्न कई रूप में पूछे जा सकते हैं :- 


(१) लघुकथा लेखन के लिए संकेत बिंदु दिए जा सकते हैं, जिसके आधार पर आपको कहानी लिखनी होगी।


(२) चित्र के रूप में भी प्रश्न दिए जा सकते हैं, जिसके आधार पर लघुकथा की रचना करने के लिए कहा जा सकता है।


(३) लघुकथा लेखन के लिए कोई शीर्षक देकर भी उसके आधार पर कथा लेखन के लिए कहा जा सकता है।


इन प्रश्नों के उत्तर लिखने में सबसे महत्वपूर्ण है- आपकी कल्पना-शक्ति। 


दिए गए संकेत बिंदुओं, चित्रों अथवा शीर्षक को देखकर आप एक कथा की कल्पना करेंगे तथा उसे कम से कम शब्दों में लिखेंगे। लघुकथा लेखन के लिए शब्द सीमा 100 से 120 शब्द हैं। लघुकथा लिखने के बाद उसका एक उपयुक्त शीर्षक देना आवश्यक है।


आशा है थोड़ी सी कल्पना-शक्ति और थोड़े से अभ्यास के बाद आप एक अच्छी लघुकथा लिख सकने में सफल होंगे तथा परीक्षा में अधिकतम अंक प्राप्त करेंगे।




मंगलवार, 27 अक्टूबर 2020

अलंकार

 



"अलंकरोति इति अलंकार:।"

अथवा

"अलंक्रियतेsनेन इति अलंकार:।"


अर्थात जो अलंकृत करे, शोभा बढ़ाए, उसे अलंकार कहा जाता है।

जिस तत्व से काव्य की शोभा होती है, उसे अलंकार कहते हैं।

संस्कृत काव्यशास्त्र में अलंकार सिद्धांत का प्रवर्तक भामह को माना जाता है। इसी परंपरा में दंडी और उद्भट भी आते हैं।


अलंकार तीन प्रकार के होते हैं-

क) शब्दालंकार 

ख) अर्थालंकार 

ग) उभयालंकार


शब्दालंकार


जब शब्दों के विशेष प्रयोग के द्वारा काव्य में चमत्कार उत्पन्न किया जाए अथवा काव्य की शोभा बढ़ाई जाए, वहां शब्दालंकार का प्रयोग होता है।


(१) अनुप्रास अलंकार


एक या एक से अधिक वर्णों की क्रमानुसार आवृत्ति को अनुप्रास अलंकार कहा जाता है।


चारु चंद्र की चंचल किरणें खेल रही हैं जल-थल में।


मुदित महीपति मंदिर आए, सेवक सचिव सुमंत बुलाए।


शेष महेश गणेश दिनेश सुरेश हि जाहि निरंतर गावे।


(२) यमक अलंकार


जहां एक शब्द या शब्द समूह एक से अधिक बार आए किंतु उनका अर्थ हर बार भिन्न हो, वहां यमक अलंकार होता है।


"तीन बेर खाती थी, वो तीन बेर खाती है।"


उपरोक्त उदाहरण के पहले अंश में दिन में तीन बार खाने की बात कही गई है, वहीं दूसरे अंश में मात्र तीन फल खाने की बात कही गई है। अतः यहां यमक अलंकार है।


काली घटा का घमंड घटा।


माला फेरत जुग गया, मिटा न मन का फेर। 

कर का मनका डारि दै, मन का मनका फेर।।


कनक-कनक ते सौ गुनी मादकता अधिकाय। 

या खाए बौराय जग,  वा पाए बौराय।।


(३) श्लेष अलंकार


जहां एक ही शब्द के एक से अधिक अर्थ निकलते हों, वहां श्लेष अलंकार होता है।


रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून।

पानी गए न ऊबरै, मोती मानुष चून।।


यहां पानी तीन अर्थों में प्रयुक्त हुआ है। मोती के लिए उसकी चमक, मनुष्य के लिए उसका सम्मान तथा चून के लिए जल के रूप में पानी का प्रयोग हुआ है।


जो रहीम गति दीप की कुल कपूत गति सोय।

बारै उजियारो करै, बढे अंधेरो होय।।


सुबरन को ढूंढत फिरत, कवि, व्यभिचारी, चोर।



अर्थालंकार


जब काव्य में चमत्कार शब्द के द्वारा न होकर अर्थ के द्वारा उत्पन्न होता है, तो वहां अर्थालंकार होता है।


(४) उपमा अलंकार


समान गुण के आधार पर जहां एक वस्तु की तुलना किसी दूसरी वस्तु से की जाती है, वहां उपमा अलंकार होता है।


उपमा के चार अंग होते हैं

उपमेय - जिसकी तुलना की जाती है।

उपमान - जिससे तुलना की जाती है।

साधारण धर्म - जिस गुण के कारण तुलना की जाती है।

वाचक शब्द - जिस शब्द के द्वारा तुलना की जाती है।


"पीपर पात सरिस मन डोला।"

मन - उपमेय 

पीपर पात - उपमान 

डोला - साधारण धर्म 

सरिस - वाचक शब्द


नील गगन-सा शांत हृदय था हो रहा।


कोटि कुलिस सम वचन तुम्हारा।


आरसी-से अंबर में आभा-सी उज्यारी लागै।


(५) रूपक अलंकार


जब उपमेय पर उपमान का आरोप हो जाता है अर्थात उपमेय और उपमान में भेद मिट जाता है, तो वहां रूपक अलंकार होता है।


"एक राम-घनश्याम हित चातक तुलसीदास।"


यहां राम की तुलना घनश्याम से न करते हुए राम को ही घनश्याम कहा गया है, अर्थात राम रूपी घनश्याम। 


चरण-कमल बंदौं हरिराई।


मैया, मैं तो चंद्र-खिलौना लैहों।


बंदौं गुरुपद-पदुम परागा।


(६) उत्प्रेक्षा अलंकार


जहां उपमेय में उपमान की संभावना व्यक्त की जाती है, वहां उत्प्रेक्षा अलंकार होता है।

इसमें जनु, मनु, मानो, जानो जैसे वाचक शब्दों का प्रयोग किया जाता है।


पाहुन ज्यों आए हों गांव में शहर के।

मेघ आए बड़े बन-ठन के संवर के।।


सोहत ओढ़े पीत पट, श्याम सलोने गात। 

मनो नीलमणि सैल पर, आतप पर््यो प्रभात।।


उसका मुख मानो चंद्रमा है।



(७) अतिशयोक्ति अलंकार


जहां किसी बात का वर्णन बहुत बढ़ा-चढ़ाकर किया जाता है, वहां अतिशयोक्ति अलंकार होता है।


हनुमान की पूंछ में, लग न पाई आग। 

लंका सगरी जल गई, गए निशाचर भाग।


देख लो साकेत नगरी है यही। 

स्वर्ग से मिलने गगन में जा रही।।


(८) मानवीकरण अलंकार


जहां मानवेत्तर जगत एवं उसके भावों का वर्णन मानव के रूप में किया जाता है, वहां मानवीकरण अलंकार होता है।


मेघ आए बड़े बन-ठन के संवर के।


दिवसावसान का समय, 

मेघमय आसमान से उतर रही है, 

वह संध्या सुंदरी परी-सी, धीरे-धीरे-धीरे।


बीती विभावरी जाग री। 

अंबर-पनघट में डुबो रही, तारा-घट उषा नागरी।




शनिवार, 24 अक्टूबर 2020

समास (Compound)

 




समास का अर्थ है - संक्षेप। 

'यह तीन भुजाओं का समूह है' के स्थान पर 'यह त्रिभुज है' कहना ज्यादा सटीक है।


समास का मुख्य उद्देश्य है- संक्षिप्तिकरण। 


समास के प्रयोग से वाक्य सुगठित, संक्षिप्त तथा अधिक प्रभावकारी बनता है। 

अतः समास संक्षेप करने की एक प्रक्रिया है। 


दो या दो से अधिक शब्दों का परस्पर संबंध बताने वाले शब्दों अथवा विभक्ति-चिन्हों आदि के लोप होने पर उनसे बने एक शब्द को समास कहते हैं।


उदाहरण:


घोड़े पर सवार = घुड़सवार

माता और पिता = माता-पिता


समास-विग्रह : पदों का विस्तृत रूप।

सामासिक पद / समस्त पद : संक्षिप्त रूप।



समास के भेद एवं उनके उदाहरण:


(१) तत्पुरुष समास


वह समास जिसका अंतिम पद प्रधान हो। 

जैसे- यह एक राजमहल है। 

इस वाक्य में समस्त पद राजमहल है, जिसका विग्रह है: राजा का महल। 

इस पद में 'राजा' पहला पद और 'महल' अंतिम पद है। यहां महल की प्रधानता है जो राजा से संबंधित है। 

विभक्ति-चिन्हों के आधार पर तत्पुरुष समास के 6 भेद होते हैं-


कर्म तत्पुरुष 

करदाता - कर को देने वाला


करण तत्पुरुष

भयभीत - भय से भीत


संप्रदान तत्पुरुष 

सत्याग्रह - सत्य के लिए आग्रह


अपादान तत्पुरुष 

गुणहीन - गुणों से हीन


संबंध तत्पुरुष 

राजपुत्र - राजा का पुत्र


अधिकरण तत्पुरुष 

घुड़सवार - घोड़े पर सवार



(२) द्वंद्व समास


जिस समास में दोनों पद प्रधान हो, वह द्वंद्व समास कहलाता है।


फूल-पत्ता : फूल और पत्ता 

दाल-रोटी : दाल और रोटी 

माता-पिता : माता और पिता।



(३) द्विगु समास


जिस समास में पहला पद संख्यावाचक हो, वह द्विगु समास कहलाता है।


त्रिभुज - तीन भुजाओं का समाहार

चौराहा - चार राहों का समाहार

पंचमुखी - पांच मुखों का समाहार


(४) कर्मधारय समास


जिस समास में पहला पद विशेषण और दूसरा पद विशेष्य हो, कर्मधारय समास कहलाता है।


नीलगगन - नीला है जो गगन

पीतांबर - पीला है जो अंबर

कमलनयन - कमल के समान नयन।



(५) अव्ययीभाव समास


जिस समास में पहला पद अव्यय हो, वह अव्ययीभाव समास कहलाता है। यह वाक्य में क्रिया-विशेषण का कार्य करता है।


यथाशक्ति - शक्ति के अनुसार 

प्रतिदिन - प्रत्येक दिन 

आजीवन - जीवन भर 



(६) बहुव्रीहि समास


जिस समास में दोनों पद प्रधान न होकर एक तीसरे अर्थ का बोध होता है, उसे बहुव्रीहि समास कहते हैं।


लंबोदर - लंबा है उदर जिसका वह अर्थात् गणेश

दशानन - दस है आनन जिसके वह अर्थात् रावण

नीलकंठ - नीला है कंठ जिसका वह अर्थात् शिव






तुलसीदास (कवितावली एवं रामचरितमानस) कक्षा- 12वीं

  तुलसीदास: अध्ययन मार्गदर्शिका लघु-उत्तरीय प्रश्नोत्तरी तुलसीदास ने शास्त्रीय और लोकभाषा के बीच संतुलन कैसे साधा? उनकी रचनाओं में यह द्वंद्...